
खेरागढ़। समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक, लोकतंत्र रक्षक सेनानी डॉ. रामकिशन गर्ग (डूंगरवाला) का गुरुवार को निधन हो गया। उनकी मृत्यु की खबर फैलते ही पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। वर्षों तक समाज, राष्ट्र और संस्कृति के लिए समर्पित उनका व्यक्तित्व अब मौन हो गया, लेकिन उनके किए गए कार्य और यादें सदैव प्रेरणा बनकर जीवित रहेंगी।
डॉ. रामकिशन गर्ग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक थे और खेरागढ़ क्षेत्र में संघ को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाई। वे राम मंदिर आंदोलन के सक्रिय सेनानी थे और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल भी गए। उनके जीवन का आधार संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति रहा।
उनकी शवयात्रा उनके निवास गर्ग मार्केट, ऊंटगिर रोड, खेरागढ़ से निकली और नगर भ्रमण करते हुए मोक्षधाम पहुंची।
शव यात्रा में विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक व्यक्ति और क्षेत्रवासी शामिल हुए। मोक्षधाम में विधायक भगवान सिंह कुशवाहा और तहसीलदार सतेंद्र सिकरवार ने राजकीय सम्मान के साथ पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई, जिसने वातावरण को और भावुक बना दिया। नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी मदन सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।