रिपोर्ट : विनय उपाध्याय

कुशीनगर। जनपद के दुदही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में रात करीब दस बजे एक प्राइवेट एंबुलेंस को अस्पताल परिसर में खड़ा देखा जा रहा है, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह गहरा गया है।
बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस दुदही क्षेत्र के महन्थ शिवानंद हॉस्पिटल से जुड़ी हो सकती है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो यह मामला और गंभीर हो जाता है। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसकी अनुमति से प्राइवेट एंबुलेंस सरकारी अस्पताल परिसर में पहुंची और क्या इसके पीछे कोई अंदरूनी सेटिंग काम कर रही है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कहीं सरकारी अस्पताल मरीजों के लिए ट्रांजिट पॉइंट बनकर उन्हें निजी अस्पतालों की ओर रेफर करने का माध्यम तो नहीं बन रहे। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब निगाहें अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर टिकी हैं। यदि निष्पक्ष जांच की जाती है, तो यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्राइवेट एंबुलेंस परिसर में कैसे और क्यों पहुंची, और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका रही। सूत्रों का कहना है कि अगर सही तरीके से जांच हुई, तो कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
फिलहाल, इस मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।