
लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को लखनऊ के बख्शी तालाब स्थित मां चंद्रिका देवी सिद्धपीठ में पहुंचकर मां भगवती के दिव्य दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर लोककल्याण की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मन्त्रोच्चार के बीच हवन और पूजन कर मां से देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद उपमुख्यमंत्री ने देशवासियों को महाष्टमी, महानवमी, दशहरा और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
मौर्य ने कहा –
“मां चंद्रिका देवी जी की असीम कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे। समस्त श्रद्धालुओं के जीवन में सुख और समृद्धि के द्वार हमेशा खुले रहें। मैंने माता से प्रार्थना की है कि देश का वर्तमान अच्छा रहे और भविष्य और भी बेहतर हो। उत्तर प्रदेश और भारत विकसित राष्ट्र बने और अर्थव्यवस्था का आकार निरंतर बढ़े।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में मिशन शक्ति का पांचवा चरण चल रहा है। नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा –
“नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि हर बेटी, हर बहन और हर माता आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बने। वही सशक्त समाज और समृद्ध भारत का आधार हैं।”
पूरे मंदिर परिसर में उपमुख्यमंत्री के आगमन के दौरान भक्तिमय वातावरण रहा। मां चंद्रिका देवी के जयकारों से मंदिर गूंज उठा और श्रद्धालु इस आयोजन का हिस्सा बनकर भाव-विभोर हो उठे।