महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के नेतृत्व में बरखेड़ा में निकली भव्य एकता पदयात्रा

पीलीभीत/बरखेड़ा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को निकली भव्य एकता पदयात्रा ने पूरे इलाके में ऐतिहासिक उत्साह का संचार कर दिया। ग्राम ज्योरह कल्याणपुर से प्रारंभ हुई यह यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, लोगों का उत्साह और जनसैलाब बढ़ता गया। तिरंगा लहराते युवक, राष्ट्रभक्ति से भरे गीत और नारों की गूंज ने वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। इस विराट पदयात्रा का नेतृत्व महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने किया। अनुमान के अनुसार लगभग 5,000 लोगों की भारी उपस्थिति दर्ज हुई।

सभा में स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री ही नहीं, बल्कि ‘अखंड भारत’ के शिल्पकार थे। उन्होंने कहा—“सामाजिक समरसता ही मजबूत भारत की नींव है। जब समाज एकजुट होता है, तब राष्ट्र प्रबल होता है। युवाओं को राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और एकता को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाना चाहिए।” उनके विचारों और नेतृत्व की ग्रामीणों व युवाओं के बीच जमकर सराहना हुई।

यात्रा में शीर्ष नेतृत्व ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य मुख्य अतिथि और प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल औपचारिकता नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पदयात्राएं समाज में राष्ट्रभावना एवं भाईचारे को मजबूती प्रदान करती हैं।

बरखेड़ा ब्लॉक तिराहे पर उद्योग व्यापार मंडल ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने फूल वर्षा कर पदयात्रा का अभिनंदन किया। महामंत्री हरीश भारती, मोहम्मद अनस, प्रवेश जोशी, राजेश सक्सेना, सौरभ गंगवार, अर्पित सक्सेना, दीपांशु गुप्ता, रजत जायसवाल, प्रमोद भारती, रितिक भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी स्वागत में मौजूद रहे।

यात्रा के पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’, ‘एकता का संदेश’, ‘सरदार पटेल अमर रहें’ जैसे गगनभेदी नारे लगातार गूंजते रहे। ग्राम ज्योरह कल्याणपुर से लेकर बरखेड़ा तक लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। तिरंगे और पोस्टरों के साथ युवाओं की टोलियों ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार बनाए रखा।

यात्रा में जिलाध्यक्ष संजय प्रताप सिंह, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि, दिनेश पटेल, प्यारेलाल कश्यप, चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल, नागेंद्र प्रताप सिंह गंगवार, पूर्व चेयरमैन अशोक गुप्ता (पप्पन), पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक गंगवार, संजीव गंगवार, अमित कुशवाहा, प्रेमशंकर वर्मा, हरिराम सोनकर, हरेंद्र कुमार, नंदलाल लोधी, मिथुन कश्यप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और ग्रामीण उपस्थित रहे।

बरखेड़ा की यह एकता पदयात्रा केवल एक आयोजन भर नहीं रही, बल्कि सामाजिक एकता, राष्ट्रवाद और आत्मनिर्भरता का प्रभावशाली संदेश बनकर उभरी। पाँच हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति, व्यापक जनसहयोग और स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के प्रेरक विचारों ने इसे एक ऐतिहासिक यात्रा का रूप दे दिया, जिसका प्रभाव क्षेत्र में लंबे समय तक देखा जाएगा।