
एत्मादपुर। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में तेंदुआ की गतिविधियों की सूचनाओं से जहां ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं इस बीच इंसानियत और संवेदनशीलता की एक बड़ी मिसाल सामने आई है। तेंदुआ के हमले में घायल मजदूर गुड्डू का निशुल्क इलाज अंबे हॉस्पिटल में किया जाएगा। यह घोषणा अंबे हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. महेश चौधरी ने स्वयं की है।
बताया गया कि 31 दिसंबर बुधवार को ग्राम गढ़ी सहजा में खेत में खाद डाल रहे मजदूर गुड्डू पर अचानक तेंदुआ ने हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां अपेक्षित लाभ न मिलने से परिवार परेशान था।
इसी क्रम में 4 जनवरी रविवार को अंबे हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. महेश चौधरी स्वयं गढ़ी सहजा पहुंचे और घायल गुड्डू के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। परिजनों की स्थिति जानने के बाद डॉ. महेश चौधरी ने तुरंत गुड्डू को अंबे हॉस्पिटल में निशुल्क इलाज के लिए बुलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि “अंबे हॉस्पिटल आपका अपना हॉस्पिटल है, यहां गुड्डू का पूरा इलाज पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा।”
डॉ. महेश चौधरी की इस घोषणा से परिवार को बड़ी राहत मिली। परिजनों ने भावुक होकर उनका आभार जताया और सोमवार को गुड्डू को अंबे हॉस्पिटल ले जाने की बात कही।
इस दौरान डॉ. महेश चौधरी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के तेंदुआ या किसी भी जंगली जानवर से जुड़ी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करें। यदि किसी भी स्थान पर तेंदुआ या अन्य जंगली जानवर दिखाई दे या उसकी सूचना मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 9719515000 पर सूचित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले को संज्ञान में लेंगे और संबंधित विभागों से समन्वय कर जंगली जानवर को पकड़वाने में हरसंभव मदद करेंगे।
क्षेत्र में जहां एक ओर भय का माहौल है, वहीं अंबे हॉस्पिटल और डॉ. महेश चौधरी की पहल को ग्रामीणों ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण बताया है।