नगर पालिका कार्यालय पर सभासदों की तालाबंदी, पालिकाध्यक्ष को आधा घंटे तक बंधक बनाया


एत्मादपुर। नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली और विकास कार्यों में कथित लापरवाही से नाराज सभासदों ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय पर तालाबंदी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित सभासदों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना दिया और नारेबाजी करते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाह और कर्मचारियों को करीब आधे घंटे तक कार्यालय के अंदर ही बंधक बनाए रखा गया।
प्रदर्शन कर रहे लगभग एक दर्जन सभासदों का आरोप था कि लंबे समय से नगर में विकास कार्य ठप पड़े हैं और पालिका प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। वरिष्ठ सभासद माधवेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि पिछले करीब आठ महीने से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हो रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कस्बे में कई स्थानों पर सड़कें खराब हैं और गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जबकि बाजार में लगे आरओ प्लांट भी बंद पड़े हैं। कई वार्डों में खरंजे टूटे हुए हैं और एमआर प्लांट भी बंद पड़ा हुआ है। इसके अलावा अधिशासी अधिकारी के नियमित रूप से कार्यालय में न बैठने का भी आरोप लगाया गया।
सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।
वहीं पालिकाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाह ने कहा कि सभासदों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और अगले दो दिनों के भीतर सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद सभासदों ने कार्यालय का ताला खोल दिया और धरना समाप्त कर दिया।