
फतेहपुर-बाराबंकी। थाना बड्डूपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार एंबुलेंस चालक की जल्दबाजी एक बड़े हादसे का कारण बन गई। डिवाइडर से टकराने के बाद एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी निंदूरा में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना थाना बड्डूपुर क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज स्थित एक पेट्रोल पंप के पास की है। जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी एंबुलेंस चालक फखरे आलम लखनऊ से एक मरीज को लेकर महमूदाबाद गया था। मरीज को छोड़ने के बाद वह देर रात वापस लखनऊ लौट रहा था। इसी दौरान टिकैतगंज पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार चालक के सीने और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही पैर की हड्डी भी टूट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को एंबुलेंस से बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी निंदूरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सूत्रों के मुताबिक चालक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।