फतेहाबाद में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 125 दिन तक रोजगार की गारंटी की घोषणा

फतेहाबाद, आगरा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम पंचायत पैंतीखेड़ा में सती माता मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए ग्रामीण आजीविका मिशन (जी राम जी) अधिनियम 2025 के महत्व और लाभों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने अधिनियम में ग्रामीण श्रमिकों को मिलने वाली रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन करने की घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री ने सती माता जसोदा देवी मंदिर में दर्शन कर माता का आशीर्वाद लिया और 5 क्विंटल का नवीन घंटा भी लगाया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर ग्राम चौपाल का शुभारंभ किया और जी राम जी मिशन के तहत लगे विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार पूर्ण किया और 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार को कम कर गरीबों और किसानों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास, सड़कों, नाली, जल निकासी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिनियम को महत्वपूर्ण बताया।
केशव प्रसाद मौर्य ने मातृ शक्ति सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ लखपति दीदियों को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें अब तक 1 करोड़ दीदियों को प्रमाणपत्र और सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने भाजपा की राष्ट्रवाद और विकास की भूमिका को याद करते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, पीडीडीआरडीए रेनू कुमारी, डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।