बेसहारा गोवंश का आतंक, किसान की दो बीघा आलू की फसल नष्ट

फतेहाबाद । निबोहरा क्षेत्र के गांव बिलईपुरा में बेसहारा गोवंश किसानों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बने हुए हैं। बीती रात गोवंशों का एक झुंड खेतों में घुस आया और खड़ी फसल को रौंद डाला, जिससे एक किसान की करीब दो बीघा आलू की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
पीड़ित किसान केवल सिंह पुत्र रामबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने आलू की फसल तैयार करने में लगभग एक लाख रुपये की लागत लगाई थी। फसल नष्ट होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। किसान का कहना है कि क्षेत्र में बेसहारा गोवंशों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे खेती करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।
किसान ने प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने और बेसहारा गोवंशों से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही गोवंशों की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों को और अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। ग्रामीणों ने गोशालाओं में गोवंश संरक्षण की व्यवस्था मजबूत करने और खेतों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।