अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर घायल


फतेहाबाद। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के अवंती चौराहे के पास भरापुर रोड के नजदीक बुधवार को एक सड़क हादसा हुआ। किसी काम से फतेहाबाद आए बाइक सवार दंपती को एक अज्ञात वाहन ने अचानक टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने तक ग्रामीणों ने प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। बाद में एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान गुलाब देवी पत्नी ऐदल सिंह और घायल पुरुष की पहचान ऐदल सिंह निवासी कदम कुर्रा, थाना नगला सिंघी के रूप में हुई है। दोनों किसी निजी कार्य से फतेहाबाद आए थे। गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।