
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव छतरियापुरा में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद देखते-ही-देखते इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष से भूपेंद्र पुत्र बिजेंद्र निवासी ग्राम छतरियापुरा, फतेहाबाद तथा दूसरे पक्ष से सुधीर पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम कंकरीली, फतेहाबाद के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। बुधवार को इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। मारपीट में भूपेंद्र पक्ष से भूपेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान नीरज शर्मा, राशन डीलर रामगोपाल एवं महेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से सुधीर को गंभीर चोटें आईं।
सुधीर पक्ष का आरोप है कि उनकी भैंस के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद विवाद और उग्र हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।