
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। एक्सप्रेसवे के 29.500 माइलस्टोन के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।
घायल की पहचान दीपक पुत्र जयवीर सिंह (आगरा) के रूप में हुई। वह अपने साथी जसवंत के साथ शोभा नगर, आगरा से कन्नौज जा रहा था। जैसे ही उनकी कार फतेहाबाद क्षेत्र में पहुँची, पीछे से आए वाहन ने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी। दीपक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि जसवंत सुरक्षित रहा।
यूपी डीएमए की टीम ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू किया और घायल युवक को फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।