फतेहाबाद में महाशिवरात्रि पर शिवालयों में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

फतेहाबाद। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बा सहित आसपास के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों पर लग गईं और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठे।
कस्बा के हनुमान नगर स्थित शिव मंदिर, जोनेश्वर महादेव मंदिर, तहसील महादेव मंदिर तथा बाग कालौनी स्थित विश्वनाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु व्रत रखकर पूरे दिन भजन-कीर्तन में लीन रहे।
मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। आकर्षक श्रृंगार के साथ भगवान शिव का अलौकिक स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और विशेष पूजन कराया गया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिरों के आसपास स्वयंसेवकों और स्थानीय पुलिस की सक्रिय भूमिका रही। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और देर शाम तक पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।