
तहसील रोड पर पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, जाम से राहत दिलाने की पहल
फतेहाबाद। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र कस्बे में बढ़ रही भीड़ और जगह-जगह लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस ने तहसील रोड पर अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने किया। पुलिस कार्रवाई से सड़क पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे गजक व अन्य सामग्री की दुकानें लगाकर यातायात बाधित कर रहे दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने निर्देश दिए कि दुकानें सड़क से हटाकर पीछे लगाई जाएं, ताकि राहगीरों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके साथ ही फिरोजाबाद रोड, बाह रोड, अंबाती चौराहा तथा कस्बे की ओर जाने वाले मार्गों पर टेंपो चालकों को भी सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़े न करने की हिदायत दी गई।
इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने दुकानदारों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस पहल से तहसील रोड पर यातायात व्यवस्था कुछ हद तक सुचारू होती दिखाई दी।