
फतेहाबाद। रेलवे लाइन पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। बाह रोड से सनराइज हॉस्पिटल होते हुए कोरियनपुरा, भीकनपुर, बाचापुरा और गुर्जा गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग रेलवे लाइन बिछने के बाद बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों का दैनिक आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कोरियनपुरा समेत आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। मार्ग बंद होने से सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को विद्यालय आने-जाने के लिए लंबा और असुरक्षित रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि रेलवे लाइन पर शीघ्र अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और छात्रों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि अंडरपास बनने से हजारों ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और स्कूली बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा।