देश और प्रदेश में बह रही विकास की गंगा – जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ


फतेहाबाद। आगरा की जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के पांच स्थानों पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर और पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
डॉ. भदौरिया ने सबसे पहले निबोहरा शाहबेद मार्ग से गढ़ी जहांन तक नवीन लेपन सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके बाद नाथू पुरा पुलिया से पूरा झूम करन तक मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। शहदपुर पत्थर कोट रोड से सलेमपुर धनकर तक समस्त लेपन कार्य की शुरुआत की गई। दोपहर करीब 1 बजे भदौरा नागर रोड से पुरा कोरियन तक और ग्राम नगला भौगली से जरारी तक लेपन कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
डॉ. भदौरिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बहने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर और पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर मुन्नालाल त्यागी, योगेश चौहान, मयंक जादौन और मानसिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।