तेज़ रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को मारी टक्कर, भांजी घायल, मामा ट्रामा सेंटर रेफर

फतेहपुर-बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के मदनपुर गांव के पास बीती रविवार देर शाम तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार मामा-भांजी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भांजी घायल हो गई, जबकि मामा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर के गांव ठकुरहा निवासी विनोद कुमार अपनी भांजी कोमल के साथ मसौली क्षेत्र के गांव बिंदौरा दवा लेने आए थे। दवा लेकर लौटते समय जब वे मदनपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने विनोद कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घायल भांजी का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।