विधायक ने महिला जिम का किया उद्घाटन, बोले– महिलाओं के स्वास्थ्य को होगा बड़ा लाभ

फतेहपुर-बाराबंकी। नगर क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित फीमेल फिटनेस सेंटर का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि महिला जिम की शुरुआत से क्षेत्र की महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और वे नियमित व्यायाम के माध्यम से स्वयं को फिट रख सकेंगी।
नगर फतेहपुर क्षेत्र के बाइपास रोड पर स्थित इस फीमेल फिटनेस सेंटर के खुलने से महिलाओं को फिटनेस के लिए एक बेहतर और सुरक्षित मंच मिला है। कार्यक्रम की शुरुआत में जिम संचालिका डॉ. अंजू चंद्रा ने विधायक को अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। विधायक ने जिम संचालिका और ट्रेनर को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ शरीर में ही श्रेष्ठ विचारों का वास होता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
जिम संचालिका डॉ. अंजू चंद्रा ने बताया कि जिम खोलने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम से बेहतर स्वास्थ्य पाया जा सकता है। जिम में जानी-मानी ट्रेनर शबा कुरैशी द्वारा महिलाओं को हर प्रकार की एक्सरसाइज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए मात्र 500 रुपये मासिक शुल्क रखा गया है। जिम में आधुनिक मशीनें जैसे क्रॉस ट्रेनर, जिम साइकिल, ट्रेडमिल, वाइब्रेटर, लेग पुलिंग सहित अन्य फिटनेस उपकरण उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर मिस इंडिया ग्लोबल क्वीन फिटनेस रमा करनवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद कमर, राजेश जयसवाल, संतोष गुप्ता, विपिन राठौड़, शील रत्न मिहिर, अंशुमान मिश्रा, राजेश पाठक, गिरधर गोपाल, अनुपम निगम, रामकुमारी मौर्या, रचना श्रीवास्तव, सुचिता साहू, कमलेश शुक्ला, अजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कॉलेज की छात्राएं मौजूद रहीं।