
फतेहपुर-बाराबंकी। क्षेत्र के ग्राम बहरौली स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का उपनिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने सहयोगी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, मिड-डे मील (एमडीएम) सहित विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। जर्जर व्यवस्थाएं पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य को कड़ी फटकार लगाई गई।
शिक्षा खंड फतेहपुर के गांव बहरौली में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय स्टाफ को उपनिदेशक के निरीक्षण की सूचना मिली। आनन-फानन में कुछ ही मिनटों में विद्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। विद्यालय पहुंची टीम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक और खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर भी शामिल रहे। टीम ने कक्षाओं में पठन-पाठन की गुणवत्ता, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, शौचालय, आईसीटी कक्ष और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
उपनिदेशक ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों में अनुशासन, देशप्रेम, सामाजिक संस्कार और परंपराओं के प्रति समर्पण विकसित करने वाला पठन-पाठन कराया जाए, साथ ही आधुनिक शिक्षा का भी समुचित समावेश हो। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दिनों में महानिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी का जिले में आगमन प्रस्तावित है, ऐसे में सभी विद्यालयों की तैयारियां पूर्ण रखी जाएं।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत निंदुरा क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात हरित क्रांति का संदेश देते हुए उपनिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर आरपी अलका सिंह, शिव शंकर सिंह, हरि प्रकाश शुक्ला, ओमकार वर्मा, हिमेश ठाकुर, कमल कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।