फाउंडेशन की पिकअप हादसे का शिकार, 4 बिजली के खंभे टूटे, यातायात प्रभावित

फतेहपुर सीकरी। शनिवार सुबह श्रीमती उत्तरा देवी चेरिटेबल एंड रिसर्च फाउंडेशन की एक मैक्स पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई, जिससे इलाके में बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार फाउंडेशन की पिकअप (आरजे 01 जीबी 2084) गरीब बच्चों को भोजन वितरण के लिए निकली थी। इसी दौरान बाईपास रोड पर दुल्हरा रेलवे फाटक के पास अचानक सड़क पर आए दो आवारा गोवंश को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर गाड़ी पर गिर पड़ा।
हादसे में करीब 3 से 4 विद्युत पोल टूट गए और बिजली की केबल सड़क पर लटक गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, कई जगह लोग खुद तारों को हटाकर अपने वाहन निकालते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लटके तारों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, खासकर तेज मोड़ होने के चलते खतरा और बढ़ गया है।
फाउंडेशन के कर्मचारी दीप्ति रंजन स्वाही ने बताया कि हादसे से हुए नुकसान का भुगतान कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा मौके पर स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।