हाईवे पर तेरह मोरी के पास हादसा, बाइक से गिरकर वृद्धा गंभीर घायल

फतेहपुर सीकरी। जयपुर नेशनल हाईवे पर तेरह मोरी बांध के निकट हुए सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम महदऊ निवासी देवेंद्र अपनी दादी बैजन्ती देवी को उनके मायके बीसलपुर से बाइक द्वारा अपने गांव लेकर लौट रहा था। इसी दौरान तेरह मोरी बांध के पास अचानक बाइक के सामने एक बकरी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से पीछे बैठी वृद्धा सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया।