ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, किशोरी की मौत, तीन की हालत गंभीर

फतेहपुर सीकरी। शुक्रवार सुबह जयपुर हाईवे पर मोड़ बाइपास चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि दंपत्ति सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए आगरा रेफर किया और ट्रक को हिरासत में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बांसी, रूपवास निवासी रामशरण पुत्र पूरन सिंह अपनी बाइक पर ऊषा, छाया पुत्री जोगेंद्र और नवीन पुत्र भगीरथ के साथ सीकरी मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मोड़ बाइपास चौराहे से टर्न ले रहे थे, तभी भरतपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में 12 वर्षीय छाया पुत्री जोगेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि रामशरण, ऊषा और नवीन गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई की एंबुलेंस घटनास्थल पर करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे घायलों को समय पर सहायता नहीं मिल सकी। हादसे के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया। लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से हाईवे पर बने खतरनाक मोड़ों पर साइन बोर्ड, स्पीड कंट्रोल और अन्य सुरक्षा उपाय जल्द लागू करने की मांग की है।