
पुलिस की सक्रियता रंग लाई, गुम मोबाइल बरामद कर मालिक को सौंपा
फतेहपुर सीकरी। थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उसके असली मालिक को सौंप दिया, जिससे आवेदक के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2024 को मशहर अली पुत्र महबूब अली, निवासी सीरवासुचंद, थाना अफजलगढ़, जनपद बिजनौर ने अपना मोबाइल फोन फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। यह शिकायत उन्होंने संचार साथी पोर्टल पर की थी।
शिकायत मिलने के बाद थाना पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता, सर्विलांस और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मोबाइल की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और जांच के बाद पुलिस ने गुम मोबाइल को बरामद कर लिया।
इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मोबाइल फोन को उसके स्वामी को सौंप दिया गया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर मशहर अली ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों में भरोसा बढ़ा है कि तकनीकी संसाधनों के माध्यम से गुम सामान को भी वापस पाया जा सकता है।