
फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के गांव दूरा के समीप बीती रात्रि एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला दधिराम निवासी रतन सिंह की बेटी की लग्न कागरोल में गई थी। कार्यक्रम से घर लौटते समय दूरा गांव के पास एक अज्ञात कार ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो पलट गया और उसमें सवार लगभग आधा दर्जन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनीष (27) पुत्र रतन सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और जहां घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां शहनाई की जगह मातम छा गया।
घायल देवेश पुत्र सज्जन सिंह, शहंशाह पुत्र रतन सिंह, युग पुत्र दिनेश सहित दो अन्य युवकों का उपचार भरतपुर में चल रहा है। थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह ने बताया कि मृतक मनीष के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।