
फतेहपुर सीकरी। विकासखंड के ग्राम निनवाया नगरिया में आयोजित टीकाकरण सत्र का चिकित्सा अधीक्षक द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली, टीकाकरण की प्रगति और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
चिकित्सा अधीक्षक ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण से संबंधित हेड-काउंट सर्वे और ड्यू-लिस्ट की जानकारी प्राप्त की। साथ ही टीकाकरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच की गई और वैक्सीन कैरियर के तापमान का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीकाकरण कार्ड और टैली शीट के रखरखाव को देखा गया तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रह जाए। इस अवसर पर ग्रामीणों को समय पर टीकाकरण कराने के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकमल ने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है, इससे गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।