Weather Update: उत्तर से दक्षिण तक बाढ़-बारिश का कहर, हिमाचल में ब्यास नदी का तांडव

Weather Update: आधी रात का सन्नाटा और अचानक घरों में घुस आता बाढ़ का पानी पहाड़ों से टूटते पत्थर और बहती ज़िंदगियाँ। उत्तर से लेकर दक्षिण तक, आसमान से बरसती आफ़त ने पूरे देश को डरा दिया है।जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल से लेकर पंजाब तक भारी बारिश और बाढ़ ने ज़िंदगी को थाम दिया है।

Weather Update: उत्तर से दक्षिण तक बाढ़ का कहर

सबसे डराने वाले दृश्य सामने आए हैं हिमाचल की ब्यास नदी से, जिसने कई मकान और रिसॉर्ट बहा दिए। वहीं, पंजाब के निचले इलाकों में पानी भर गया है और गाँव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पहाड़ दरक रहे हैं, सड़कें टूट चुकी हैं। कई जगह यातायात पूरी तरह बंद है।

वहीं पंजाब में हालात और बिगड़ गए हैं। सतलुज और ब्यास जैसी नदियाँ उफान पर हैं, गाँवों में पानी घुस चुका है और लोग सुरक्षित जगहों पर पलायन कर रहे हैं। पंजाब के कई जिलों में पानी इतना बढ़ गया है कि घर, खेत और सड़कें सब डूब चुके हैं। किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं क्योंकि धान और मक्का की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। जिन इलाकों में लोग गर्मियों में पंखे से राहत ढूंढते थे, वहां आज नावें ज़रूरी हो गई हैं।

इसी बीच हिमाचल प्रदेश की ब्यास नदी अपने चरम पर है। नदी का पानी घर, गाड़ियाँ और होटल बहा ले जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऐसा मंजर उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। मनाली के रायसेन का करोड़ों का शिरार रिसॉर्ट भी इस बाढ़ की भेंट चढ़ गया।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे रिसॉर्ट पल भर में ढहकर नदी में समा गया। इस जल प्रलय ने कई परिवारों की ज़िंदगी बर्बाद कर दी। पंजाब में लोग घर छोड़कर स्कूलों और गुरुद्वारों में शरण ले रहे हैं। वहीं मनाली और उत्तराखंड में कई परिवार अपने प्रियजनों को खोज रहे हैं।

NDRF, SDRF और सेना की टीमें पंजाब से लेकर हिमाचल तक राहत कार्यों में जुटी हैं। हेलिकॉप्टर से खाद्य सामग्री गिराई जा रही है। लेकिन लगातार बारिश और तेज़ बहाव रेस्क्यू में बड़ी चुनौती साबित हो रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे पंजाब और हिमाचल में हालात और बिगड़ सकते हैं। पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

पर्यटन और खेती पर इस आपदा का गहरा असर पड़ा है। हिमाचल का टूरिज़्म और पंजाब की खेती दोनों को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक आसमान से बरसती आफ़त ने सपनों को बहा दिया है। पंजाब से लेकर मनाली तक लोग अब सिर्फ दुआ कर रहे हैं कि कब थमे यह बारिश और कब लौटेगी ज़िंदगी पटरी पर।