
भटनी, देवरिया। स्थानीय नगर पंचायत के ठाकुर जी की कुटी वार्ड में सोमवार को डेंगू और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सफाई अभियान के तहत फॉगिंग और केमिकल छिड़काव किया गया। इस अभियान का उद्देश्य मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही नष्ट करना है, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसे रोगों से बचाव हो सके।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नगर के सभी वार्डों में क्रमवार फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। यह अभियान सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य सुरक्षा मुहिम के अंतर्गत संचालित है।
अधिशाषी अधिकारी ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। गमलों, पुराने टायरों, कूलरों और छत पर रखे ड्रमों में पानी न रुके ताकि मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके।
फॉगिंग अभियान के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी हरिन्द्र यादव और राजकुमार पासवान ने ठाकुर जी की कुटी वार्ड के मुख्य मार्ग, गलियों, घरों के आसपास तथा जलजमाव वाले इलाकों में मशीन से धुआं छोड़ा और केमिकल का छिड़काव किया।
यह अभियान डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए नगर पंचायत की ओर से जारी सतत प्रयासों का हिस्सा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।