खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि आत्मविश्वास और टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं: स्वामी प्रवक्तानंद

पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के न्यूरिया कॉलोनी में सोमवार को रोमांचक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस मुकाबले में जनपद लखीमपुर के गोला नगर की टीम और न्यूरिया कॉलोनी की स्थानीय टीम आमने-सामने रहीं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बरखेड़ा विधानसभा के विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

स्वामी प्रवक्तानंद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि आत्मविश्वास और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।” उन्होंने युवा पीढ़ी से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और अनुशासन के साथ खेल भावना को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम स्थल पर कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिनमें विश्वजीत, मनोज सिंह ठाकुर, प्रेमशंकर गंगवार, डॉ. बबलू, चंद्रशेखर, ग्राम प्रधान विश्वनाथ समेत अन्य सम्मानित नागरिक शामिल रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और प्रतियोगिता की सफलता में सहयोग दिया।

मैच के दौरान दोनों टीमों ने उत्साहपूर्ण खेल दिखाया, जिससे दर्शकों में भी जोश और उमंग का माहौल बना रहा। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए पूरी व्यवस्था की।

यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करने का माध्यम बनी, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता और समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास रही।