
बाराबंकी। प्रख्यात गीतकार और कवि प्रियांशु गजेंद्र को मनु शर्मा हिंदी साहित्य अवार्ड तथा देवा मेला आल इंडिया मुशायरा समिति के सचिव चौधरी तालिब नजीब कोकब को मजाज़ उर्दू साहित्य अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गांधी जयंती पर होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा के दौरान दिया जाएगा।

यह जानकारी शुक्रवार को गांधी भवन में आयोजित महात्मा गांधी सप्ताह (01 से 07 अक्टूबर) की बैठक में कार्यक्रम संयोजक राजनाथ शर्मा और कार्यक्रम अध्यक्ष मो. उमैर किदवई ने दी। बैठक में कवि सम्मेलन और मुशायरा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट द्वारा 1978 से निरंतर आयोजित होने वाले इस कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन 02 अक्टूबर को शाम 5 बजे गांधी भवन में किया जाएगा। इस दौरान उर्दू शायरी और हिंदी कविताओं की रसधारा के माध्यम से जनपदवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ कौमी एकता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रख्यात कवि और गीतकार प्रियांशु गजेंद्र, मशहूर शायर डॉ. अंजुम बाराबंकवी (भोपाल), शोएब अनवर, सलीम सिद्दीकी, फैज़ खुमार, वकार बाराबंकवी, उस्मान मिनाई, फैजान किदवई, असद उमर, योगेंद्र शुक्ल ‘मधुप’, अरविंद मिश्र, जितेंद्र श्रीवास्तव ‘जीतू’ सहित कई नामचीन कवि और शायर अपनी रचनाओं से कार्यक्रम में समां बांधेंगे।
कार्यक्रम अध्यक्ष मो. उमैर किदवई ने बताया कि पिछले 47 वर्षों से यह आयोजन निरंतर सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। गांधी जयंती पर आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन और मुशायरे का इंतजार जिले के साहित्यप्रेमियों के साथ ही कई कवियों और शायरों को भी होता है।
इस अवसर पर विनय कुमार सिंह, वासिक वारसी, मृत्युंजय शर्मा, साकेत मौर्य, सत्यवान वर्मा, विनोद भारती, अशोक शुक्ला, अनवर महबूब किदवई, रणंजय शर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।