
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने चीनीमिल बलरामपुर के क्रय केन्द्र पहड़वा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में तौल व्यवस्था सही पाई गई। मौके पर मौजूद गन्ना किसानों ने इंडेंट बढ़ाने की मांग की, जिस पर डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी आनंद शुक्ला को समानुपातिक खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम फरदा त्रिकोलिया निवासी गन्ना किसान शिवकुमार पुत्र बृजकुमार सिंह की खाली खड़ी ट्राली का वजन कराया गया, जो 18.45 क्विंटल पाया गया। ट्राली पर 5 क्विंटल का बांट रखकर तौलने पर वजन 23.45 क्विंटल निकला, जिससे तौल कार्य सही सिद्ध हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि क्रय केन्द्र पर 1 दिसम्बर 2025 तक 43,245.20 क्विंटल गन्ना खरीदा जा चुका है। निरीक्षण के दौरान किसानों व अधिकारियों को पारदर्शी खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।