अमोली कला में समाजसेवी गौरीकांत दीक्षित सम्मानित, जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न

रामनगर, बाराबंकी। ग्राम अमोली कला में समाजसेवी गौरीकांत दीक्षित के संयोजन एवं प्रमोद सिंह के संचालन में जनसंवाद कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, मलौली के महंत बाबा इतवार गिरी ने की। मुख्य अतिथि जूना अखाड़ा की साध्वी अर्चना गिरी ने कहा कि व्यक्ति अपने सत्कर्म और अच्छे व्यवहार से महान बनता है। उन्होंने सभी से मानव सेवा और राष्ट्र सेवा की भावना रखने का संदेश दिया।

साध्वी गिरी ने कहा, “जहाँ धर्म सुरक्षित होता है, वही राष्ट्र सुरक्षित होता है। इसलिए धर्म का पालन अत्यंत आवश्यक है।” महंत इतवार गिरी ने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म की मजबूती के बिना राष्ट्र कभी मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें, जिससे परिवार, समाज और राष्ट्र का कल्याण हो।

समाजसेवी गौरीकांत दीक्षित को महंत इतवार गिरी एवं साध्वी अर्चना गिरी ने धर्मपरायण, समाजसेवी और संतजनप्रिय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वचन दिया। गौरीकांत दीक्षित ने कहा कि उन्हें बचपन से ही परिवार और समाज से सेवा की प्रेरणा मिली, इसलिए वे अपने गांव और विधानसभा क्षेत्र के लोगों की भलाई और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम में अनमोल मिश्रा, दिव्य प्रकाश शुक्ला, रमाकांत शुक्ला, रोहित शुक्ला, रमेश शुक्ला, विक्रम कोटेदार और रोशन शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाजसेवी गौरीकांत दीक्षित के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

अंत में आयोजक गौरीकांत दीक्षित ने पत्रकारों, साधु-संतों और वरिष्ठ जनों को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधान लहडरा, राजेश अवस्थी, राम जी दीक्षित, इंद्रेश दीक्षित, पुतई मोहित सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।