
लखीमपुर। गायत्री परिवार द्वारा नगर के गोला रोड स्थित श्री वेद माता गायत्री शक्तिपीठ परिसर में रविवार को अखंड ज्योति पत्रिका विस्तारक सम्मेलन और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः आयोजित सम्मेलन को गायत्री तपोभूमि मथुरा से पधारे गायत्री साधक अशोक कुमार पाण्डेय ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार मिशन के तीन प्रमुख प्रकाशन—अखंड ज्योति, युग निर्माण योजना और प्रज्ञा अभियानों की पत्रिकाएँ—नैतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक पुनरुत्थान का मजबूत माध्यम हैं। इसे घर-घर पहुँचाना हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
मध्यान्ह भोजन अवकाश के पश्चात कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ प्रतिनिधि जय प्रकाश वर्मा ने हाल ही में मीरपुर–रसौरा तिराहे पर आयोजित विराट नारी उत्कर्ष समारोह की सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और अभियान की आगे की रूपरेखा बताई।
मीडिया प्रभारी अनुराग मौर्य ने बताया कि समारोह में गुरुनानक विद्यक सभा कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न स्कूलों की कन्याओं और गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं को मेड़ल, प्रशस्ति पत्र और गायत्री मंत्र पट्टिकाएँ प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन सभी ने नारी उत्कर्ष समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न विभागों में सराहनीय योगदान दिया था।
गायत्री शक्तिपीठ के लेखा प्रभारी कृष्णा कांत तिवारी ने कार्यक्रम के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। जिला समन्वयक राम खेलावन निषाद ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए आगामी 01 जनवरी को निघासन में होने वाले 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में शामिल होने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सत्य नारायण वर्मा, उदय सिंह, अजय वर्मा, यज्ञदेव वर्मा, कुलदीप वर्मा, दीपक वर्मा, सीपी मौर्य, शिरोमणि शुक्ला, देशराज राठौर, राकेश यादव, मधु तिवारी, कामता प्रसाद मौर्य, राज किशोर वर्मा, मुरलीधर वर्मा, अनुभव कटियार, प्रज्ञा वर्मा, राम प्रवेश वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।