गिजौली विवाद में गांव में हुआ समझौता, सर्व समाज की मौजूदगी में सुलझा मामला

एत्मादपुर। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव गिजौली में हुए विवाद और उसके बाद फैले तनाव का शनिवार को अंत हो गया। गांव के प्रबुद्ध लोगों और सर्व समाज की मौजूदगी में सुबह दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठी और आपसी सहमति से समझौता कर लिया गया।

गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था, जिसने जातीय तनाव का रूप ले लिया था। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और राजनीतिक हस्तक्षेप भी हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा था कि यह कोई जातीय विवाद नहीं बल्कि आपसी झगड़ा है। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ कर दी थी।

शनिवार को गांव के प्रबुद्ध लोगों ने दोनों पक्षों को एकजुट कर बातचीत कराई। एक पक्ष की जिम्मेदारी पूर्व प्रधान चित्रा सिंह ने संभाली जबकि दूसरे पक्ष की जिम्मेदारी वर्तमान प्रधान लोकमान सिंह चौधरी ने ली। सभी ने मिलकर पुराने मनमुटाव को खत्म कर गांव में सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

समझौते से गांव का माहौल शांतिपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और कहा कि गांव की तरक्की तभी संभव है जब लोग आपसी भाईचारे से रहें। शाम को समझौते की लिखित प्रति थाना प्रभारी को सौंपी गई, जिस पर पुलिस ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।