
लखनऊ। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने 12 मार्च 2026 को अपने निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वाराणसी पहुंचकर रेलवे परियोजनाओं और अवसंरचना कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत महाप्रबंधक ने वाराणसी–व्यासनगर–काशी रेलखंड के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पथ की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, परिचालन व्यवस्था और रेलवे अवसंरचना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यासनगर, काशी और वाराणसी रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसरों में विकसित की जा रही आधुनिक यात्री सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था, प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा, डिजिटल सूचना प्रणाली, प्लेटफॉर्मों का उन्नयन, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था और स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सुनील कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक बी. के. यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, स्टेशन निदेशक वाराणसी सहित मंडल के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा।