
गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। गोला तहसील के गांव कपरहा निवासी 11 वर्षीय पार्थ शुक्ला ने घर के सामने बरमबाबा स्थान के समीप बालू से शिवलिंग बनाकर उसकी विधिवत पूजा-अर्चना की। नन्हे शिव भक्त ने बेलपत्र, विभिन्न प्रकार के फूल-पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का ध्यान किया।
पार्थ ने बताया कि शाम को विधिवत पूजा करने के बाद प्रातःकाल शिवलिंग को नदी में प्रवाहित किया जाएगा। उसकी आस्था और श्रद्धा को देखकर ग्रामीण भाव-विभोर हो उठे।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी कम उम्र में भगवान शिव के प्रति पार्थ की लगन और निष्ठा प्रेरणादायक है। कई लोगों ने उसे “बाल शिव भक्त” की संज्ञा देते हुए उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। क्षेत्र में नन्हे भक्त की आस्था चर्चा का विषय बनी हुई है।