
गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के नीमगांव थाना अंतर्गत बिलहरी गांव में रविवार करीब तीन बजे एक हृदयविदारक हादसे में दो वर्षीय बच्ची की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलहरी गांव निवासी दीनदयाल की लगभग दो वर्षीय पुत्री अवनी घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक सड़क पर आ गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदराबाद चौकी प्रभारी बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रवीण कुमार गौतम, थाना अध्यक्ष नीमगांव, भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक के गांव का ही निवासी होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मासूम बच्ची की असमय मृत्यु से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।