गोण्डा में दुर्गा प्रतिमा देखने को लेकर दो गुटों में झड़प, फायरिंग में दो घायल

गोण्डा। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शिवाबख्तवार ग्राम पंचायत के बुधई पुरवा गांव में गुरुवार देर रात दुर्गा प्रतिमा देखने को लेकर दो गुटों में विवाद और झड़प हुई। इस दौरान कथित फायरिंग में दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मनीष शुक्ला गुट के लोगों ने आरोप लगाया कि हनुमंत लाल शुक्ला गुट के सदस्यों ने उन पर फायरिंग की। गोलीबारी में 22 वर्षीय निखिलेश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज गोण्डा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं, 24 वर्षीय सत्येंद्र नाथ शुक्ला को भी गोली लगी, उनका प्राथमिक उपचार मेडिकल कॉलेज में किया गया।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हनुमंत लाल शुक्ला गुट के लोग विवाद करते हुए दिखाई दे रहे हैं, और एक युवक असलहा लिए हुए कमर के पीछे रखता दिखाई दे रहा है। वीडियो में फायरिंग की आवाज भी सुनाई देती है।

घायल निखिलेश शुक्ला ने बताया कि वे अपने भाइयों के साथ दुर्गा प्रतिमा देखने गए थे, तभी हनुमंत लाल शुक्ला और उनके लोग गाली-गलौज करने लगे और फायरिंग की। उन्होंने कहा कि घटना के समय दोनों पक्ष नशे में थे।

वहीं, हनुमंत लाल शुक्ला ने अपने ऊपर हमला होने का आरोप लगाया और कहा कि मनीष शुक्ला गुट के लोग उन्हें मारने दौड़े और उन्हें अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। इस झड़प में उनके सिर में चोट आई, जिसका इलाज भी गोण्डा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

एएसपी मनोज रावत ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में झड़प और मारपीट के आरोप लगा रहे हैं, जिसमें एक पक्ष ने गोली चलाने का भी आरोप लगाया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखें और किसी भी तरह की हिंसा में शामिल न हों।