भूमि विवाद में महिला की पिटाई,केस दर्ज

गोण्डा। जिले के वजीरगंज क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला को लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पीड़िता लक्षमनपुर, चंदापुर निवासिनी मीरा पत्नी रामऔतार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 सितम्बर 2025 को सुबह करीब 6 बजे जमीन कब्जेदारी के विवाद को लेकर हवेलिया चंदापुर की सोनाली पत्नी दुर्गेश जायसवाल, रुपाली जायसवाल, खुशी और दिव्यांशी पुत्रीगण दुर्गेश जायसवाल घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। साथ ही विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे नल, तख्त व नांद को भी तोड़ दिया।

वजीरगंज थानाध्यक्ष प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।