
गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 5 बजे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया।
गवाहों ने बताया कि हमलावरों ने उनके सीने, सिर और हाथ पर कई वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर कुछ देर रुके और मौत की पुष्टि करने के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र में हुई, जो गोरखनाथ मंदिर से करीब 5 किलोमीटर दूर है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए करीब 10 थानों की पुलिस तैनात की गई है।
बताया जा रहा है कि राजकुमार चौहान 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे थे और उन्हें राधा मोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।