गोरखपुर में पोस्टर वार: सपा नेता ने सांसद रवि किशन पर समोसे संग साधा निशाना, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

गोरखपुर के आंबेडकर चौक पर मंगलवार देर रात मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के नेता अविनाश तिवारी द्वारा लगाया गया एक पोस्टर सुबह होते ही चर्चा का केंद्र बन गया। इस पोस्टर में गोरखपुर बीजेपी सांसद रवि किशन की तस्वीर को समोसे के साथ दिखाया गया है और हाल ही में उन्हें मिले ‘सांसद रत्न’ सम्मान की बधाई के साथ ही उनकी कार्यप्रणाली पर तंज कसा गया है। पोस्टर में तंज भरे शब्दों के जरिए सीधे सांसद रवि किशन पर निशाना साधा गया, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई। यह पोस्टर न केवल गोरखपुर की सड़कों पर लोगों के बीच बहस का विषय बना, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। सुबह से ही लोग इस पर अपनी-अपनी राय देते हुए चुटकी ले रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक कटाक्ष का नया रूप बता रहे हैं। सपा के इस पोस्टर वार ने बीजेपी समर्थकों में नाराज़गी और विपक्षी खेमे में जोश दोनों को बढ़ा दिया है, जिससे गोरखपुर की सियासत में एक बार फिर गर्माहट लौट आई है।