
जैदपुर, बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरेहटा में बुधवार को पुलिस द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, ग्राम पंचायत सचिव शैलजा तिवारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुलदीप शर्मा एवं राजस्व विभाग की उपस्थिति में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान रमेश कुमार तिवारी पुत्र रामविलास ने शिकायत की कि विपक्षी देवीलाल पुत्र रामकुमार रास्ते में जानवर बांध देते हैं, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर समस्या का त्वरित निस्तारण कराया। इसी प्रकार अखिलेश शुक्ला पुत्र शिव नारायण शुक्ला ने आरोप लगाया कि विपक्षी पुच्चई पुत्र भगीरथ उनकी जमीन पर जानवर बांधता है। इस प्रकरण में भी दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी सहमति से समाधान कराया गया।
ग्राम अपराध रजिस्टर में दर्ज विवादित मामलों की समीक्षा कर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। ग्राम पंचायत में कोई भी हिस्ट्रीशीटर अपराधी नहीं पाया गया। चौपाल में यह भी जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायत में कुल नौ शस्त्र लाइसेंस धारक हैं, जिनमें से पांच की मृत्यु हो चुकी है और उनके शस्त्र सैनिक गन हाउस एवं स्थानीय थाने में जमा हैं।
इस दौरान ग्रामीणों को ग्राम चौपाल योजना के महत्व, महिला सशक्तिकरण योजनाओं, साइबर क्राइम से बचाव, यातायात नियमों तथा नए भारत के नए कानूनों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में दरोगा राकेश कुमार, सिपाही राम भवन गुप्ता, महिला आरक्षी अनामिका तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।