
लखनऊ। जीआरपी क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को लखनऊ जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे टिकटों की कालाबाजारी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। टीम ने गाड़ी संख्या 20103 (एलटीटी-आजमगढ़ एक्सप्रेस) के कोच एस-5 में दूसरे व्यक्ति के नाम पर ई-टिकट लेकर यात्रा कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया।
संतकबीर नगर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल राफेहक खान (24) और मो. मकसूद (36) के रूप में हुई है, जो संतकबीर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान उनके पास बरक्कत अली और मकसूद अहमद के नाम से जारी ई-टिकट बरामद हुआ। इस टिकट की कीमत 2,269 रुपये थी और यह सीट नंबर 15 और 16 के लिए बुक किया गया था।
मुंबई से संचालित हो रहा था कालाबाजारी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मुंबई के टिकट दलाल 60 दिन पहले ही रैंडम नामों से टिकट बुक कर लेते हैं। समर सीजन में जब मांग बढ़ती है, तो ये दलाल यात्रियों के आधार कार्ड में नाम एडिट कर मिलते-जुलते नाम वाले लोगों को ऊंचे दामों पर टिकट बेचते हैं।
रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की तलाश जारी
दोनों आरोपियों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट ऐशबाग में रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जीआरपी टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह यादव, सुनीत कुमार श्रीवास्तव, करुनेश कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल महेंद्रनाथ और कांस्टेबल हेमंत कुमार भारती समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।