गुलाब देवी ने यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस लखनऊ में किया निरीक्षण

माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रथम दिवस लखनऊ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विक्रमादित्य मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा परीक्षा को शांत मन और आत्मविश्वास के साथ देने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मंत्री ने छात्राओं को टीका-चंदन कर पेड़ा खिलाकर मुंह मीठा कराया और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर माता-पिता, गुरुजनों व प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आशीर्वाद दिया।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ, लखनऊ (सेंटर कोड-341874) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां प्रथम पाली में हाईस्कूल हिन्दी विषय के 304 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिन्दी के 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम दिवस 18 फरवरी को प्रथम पाली (प्रातः 8:30 से 11:45 बजे) में हाईस्कूल हिन्दी एवं प्रारम्भिक हिन्दी की परीक्षा 8,033 केंद्रों पर आयोजित हुई, जिसमें 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 से 5:15 बजे) में इंटरमीडिएट हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी की परीक्षा 7,998 केंद्रों पर संपन्न हुई, जिसमें 24,99,370 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

प्रदेश में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं — हाईस्कूल के 27,61,696 एवं इंटरमीडिएट के 25,76,082। परीक्षा के लिए 8033 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त एवं 3984 स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं। 18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील एवं 683 संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं।

लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय हाईटेक कंट्रोल रूम से 75 जनपदों के सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर एवं हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है। स्ट्रांग रूम 24×7 निगरानी में रखे गए हैं।

परीक्षा संचालन के लिए 8033 केंद्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 427 जोनल मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 440 जनपदीय सचल दल एवं 69 मंडलीय दल सक्रिय हैं। एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों के रिजर्व सेट डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं तथा उत्तर पुस्तिकाएं चार रंगों व विशेष सुरक्षा फीचर के साथ मुद्रित की गई हैं।

सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत कदाचार पर कठोर दंड का प्रावधान है। परीक्षार्थियों की सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 18001806607 एवं 18001806608 सहित परिषद प्रयागराज के हेल्पलाइन नंबर सक्रिय हैं। ईमेल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था की गई है।

मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण परीक्षा कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी परीक्षार्थी तनावमुक्त होकर पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।