
बाराबंकी । ग्रामीण पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए संगठन लगातार सक्रिय है। यह बात रविवार को तहसील हैदरगढ़ में आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने कही। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की हर लड़ाई में संगठन के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश नेतृत्व हमेशा आगे खड़ा रहता है।
जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने कहा कि सभी पत्रकारों को एक मंच पर आकर संगठित होने की आवश्यकता है। संगठित पत्रकार ही भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से लड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जो पत्रकार अलग-थलग पड़ जाते हैं, उन्हें अक्सर फर्जी मुकदमों और अपमान जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो किसी भी तरह से उचित नहीं है। इसी को देखते हुए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह ने जिला कार्यकारिणी के साथ-साथ तहसील स्तर पर भी कार्यकारिणी गठित करने पर विशेष जोर दिया है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जा सके और उनकी समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन से आर-पार की लड़ाई लड़ी जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों का एकजुट रहना बेहद जरूरी है। एकजुटता से ही संघर्ष सफल होते हैं। पत्रकारों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आपसी मनमुटाव को दूर कर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
तहसील हैदरगढ़ में तहसील अध्यक्ष नृपेन्द्र तिवारी उर्फ बब्लू के आवास पर सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें दर्जनों पत्रकारों ने सदस्यता फार्म भरकर संगठन से जुड़ने की इच्छा जताई और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सदस्यता अभियान में प्रमुख रूप से मंडल उपाध्यक्ष राकेश गिरी, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत गुप्ता, विजय कुमार पाठक, अमन शर्मा, शिवम, विजय पाठक, संतोष सिंह, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, पवन मिश्रा, अनिल पाठक, बृजेश शुक्ला, सुरेंद्र बहादुर सिंह, अनंत कुमार सिंह सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।