उत्कृष्ट शिक्षा के साथ संस्कार दीक्षा भी जरूरी : राजू भैयास्टार

हैदरगढ़/बाराबंकी। उत्कृष्ट शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को संस्कारों की दीक्षा देना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शिक्षा और संस्कार का समन्वय ही देश के लिए श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करता है। यह विचार सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार द्विवेदी उर्फ राजू भैया ने स्टार कंप्यूटर इंस्टिट्यूट, हैदरगढ़ में नववर्ष के अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में व्यक्त किए।
कार्यक्रम में संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर अब्दुल शकील खान ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। राजू भैया ने कहा कि आज उच्च एवं डिजिटल शिक्षा की होड़ में संस्कार पीछे छूटते जा रहे हैं, जिसका दुष्परिणाम पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में उत्कृष्ट शिक्षा के साथ संस्कारों की दीक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती—इसका उदाहरण बाराबंकी जनपद की बेटियां, बाल वैज्ञानिक पूजा पाल और हिमांशी तिवारी हैं, जिन्होंने यह सिद्ध कर दिखाया है।
मैनेजिंग डायरेक्टर अब्दुल शकील खान ने बताया कि स्टार कंप्यूटर इंस्टिट्यूट बीते 10 वर्षों से जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कर रहा है और कंबल वितरण जैसे सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहा है।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा संस्थान के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेश द्विवेदी, उपाध्यक्ष शादाब अहमद, विजय लोधी, घनश्याम राजपूत, सृष्टि सोनी, रुचि राजपूत, अरमान कुरैशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।