हरदोई में अख्तियारपुर में शॉर्ट सर्किट से आग, पक्का मकान व 4 झोपड़े राख

हरदोई में अख्तियारपुर में शॉर्ट सर्किट से आग, पक्का मकान व 4 झोपड़े राख
हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई, जिससे एक पक्का मकान और चार झोपड़े जलकर राख हो गए। ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर के पास स्थित लालन शर्मा पुत्र मैकू के झोपड़े में सबसे पहले आग भड़की, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले गई।
आग की चपेट में आकर लालन शर्मा के भाई रामनरेश का पक्का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आग ने जवाहर, रामसागर और रामू पुत्रगण छंगा के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों की नकदी, जेवर, गृहस्थी का सामान, सात साइकिलें और करीब तीन कुंतल सरसों जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पीड़ितों का भारी नुकसान हो चुका था।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है।