अतरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25-25 हजार के तीन इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

हरदोई। जनपद हरदोई के थाना अतरौली पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन गैंगस्टर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा घोषित इनाम के तहत पकड़े गए अभियुक्तों में शैलेन्द्र कुमार उर्फ भालू, सोनू शुक्ला और अमित उर्फ लड़कौनू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों अभियुक्त चोरी और नकबजनी जैसे अपराधों में लिप्त एक संगठित गिरोह से जुड़े हुए थे, जो आर्थिक और भौतिक लाभ के उद्देश्य से लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। इनके विरुद्ध 1 जनवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक अतरौली द्वारा उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी गंभीर बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों के खिलाफ बीएनएस एवं गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अतरौली पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते इनकी गिरफ्तारी संभव हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य अभियुक्त अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और पुलिस पूरे गिरोह के सफाए की दिशा में कार्रवाई तेज किए हुए है।