घर जा रहे पैदल व्यक्ति को बाइक ने मारी टक्कर, तीन घायल

हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोथावा–अतरौली मार्ग पर बंशीपारा मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पैदल व्यक्ति समेत बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 102 एंबुलेंस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर के थाना सदना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी अनलजीत राज (19) पुत्र रामस्वरूप अपने भाई कमलजीत के साथ गौसगंज से बीए की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बंशीपारा मोड़ के पास बंशीपुर गांव निवासी मनोज (35) पुत्र मुंशीलाल खेत से पैदल घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीर धर्मेंद्र सिंह ने दी। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस (संख्या यूपी 32 एफजी 1133) से ईएमटी सुनील कुमार पाल व पायलट हरीश कुमार ने घायलों को सीएचसी कोथावा पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. चंद्रकांत ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।