“हमें संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करना चाहिए” — डीएम अनुनय झा

हरदोई। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की संकल्प शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि “हमें भारत के संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करना चाहिए और देश की संप्रभुता व अखंडता की रक्षा करना हमारा दायित्व है।”

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दुनिया भर के संविधानों का गहन अध्ययन करने के बाद भारतीय संविधान का मसौदा तैयार किया, जिसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया और इसी दिन इसे अंगीकार किया गया। इसलिए हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

डीएम झा ने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कहा कि “हम भारत के लोग, भारत को पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने और सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय व समान अवसर सुनिश्चित कराने हेतु दृढ़संकल्प होकर संविधान को अंगीकृत व आत्मार्पित करते हैं।”
सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने यह संकल्प हाथ उठाकर दोहराया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।