
हरदोई। स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने गंगा देवी मार्ग से शुगर मिल कॉलोनी तक स्ट्रीट लाइट और सड़क चौड़ीकरण के संबंध में जानकारी ली। हथौड़ा से बेरूआ थानगांव मार्ग की खराब सड़क के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। खराब विद्युत पोलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्लेज पार्क योजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत और आवेदन का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। व्यापारियों द्वारा बड़ा चौराहा पर महिला शौचालय निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को एनओसी, अनुमति अथवा विभागीय प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। साथ ही व्यापारियों को पर्यटन विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए जनपद में बेहतर होटल और बैंक्वेट हॉल निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया।
बैठक में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुणिमा श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।